दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालीजनों ने विवाहिता की हत्या कर शव फंदे पर लटका दिया और मौके से भाग गए। मृतका के परिवारीजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस शव को पीएम के लिए जिला अस्पताल लेकर आई है।
उत्तर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रेहना निवासी अमरपाल ने अपनी पुत्री सीमा का विवाह एक वर्ष पूर्व नारखी क्षेत्र के गांव हुसैनपुर निवासी देवेंद्र के साथ किया था। अमरपाल का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुरालीजनों ने दहेज की मांग शुरू की दी। मांग पूरी न होने पर उसकी बेटी की हत्या कर शव फंदे पर लटका दिया गया और मौके से भाग गए। इसकी जानकारी ग्रामीणों की मदद से हो सकी। गांव पहुंचने पर पुलिस को अवगत कराया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही शव को पीएम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। थानाध्यक्ष नारखी का कहना है कि पीड़ित की तहरीर पर ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।