जसराना। थाना जसराना क्षेत्र के पटीकरा पुल पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला ने अचानक नहर में छलांग लगा दी। महिला को नहर में कूदते देख करीब 100 मीटर आगे मछली पकड़ रहे ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर साहस दिखाया और महिला को पानी से बाहर निकालकर उसकी जान बचा ली।
ग्रामीणों के अनुसार महिला पाढम क्षेत्र की रहने वाली है और अपने पति व दो छोटे बच्चों के साथ बाइक से जसराना से पाढम की ओर जा रही थी। जैसे ही बाइक पटीकरा पुल पर पहुंची, महिला ने अचानक नहर में छलांग लगा दी। महिला को नहर में गिरता देख आसपास मौजूद राहगीरों और मछली पकड़ रहे ग्रामीणों ने बिना देर किए उसे बचाने के लिए प्रयास शुरू कर दिए। कड़ी मशक्कत के बाद महिला को सकुशल पानी से बाहर निकाल लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही जसराना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जानकारी ली। बाद में परिजन महिला और दोनों बच्चों को बाइक से अपने साथ सुरक्षित घर ले गए। थाना प्रभारी निरीक्षक भगवत सिंह गुर्जर ने बताया कि महिला के पति ने उसे मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया है।