जसराना। कस्बा पाढ़म स्थित बिजलीघर के पास सामान के रुपये मांगने को लेकर दुकानदार और पुलिसकर्मियों के बीच विवाद हो गया। दुकानदार ने पुलिसकर्मियों पर गाली-गलौज करने, महिलाओं से अभद्रता करने तथा उसे चौकी ले जाकर पिटाई करने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने दुकानदार के आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि अभद्रता करने पर उसे चौकी लाया गया था और बाद में बिना किसी कार्रवाई के छोड़ दिया गया।
जानकारी के अनुसार पाढ़म बिजलीघर के पास लोहार समाज के परिवार रहते हैं। इनमें बंटी पुत्र मुन्नालाल लोहार पान-मसाले आदि की छोटी दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता है। आरोप है कि बीती रात चौकी पर तैनात एक सिपाही अपने कुछ साथियों के साथ दुकान पर पहुंचा और सामान लिया। दुकानदार द्वारा सामान के रुपये मांगने पर विवाद हो गया। दुकानदार का आरोप है कि रुपये मांगने से नाराज पुलिसकर्मियों ने उसके साथ गाली-गलौज की।
शोर सुनकर परिवार की महिलाएं और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी अभद्रता किए जाने का आरोप है। इसके बाद पुलिसकर्मी दुकानदार को चौकी ले गए। परिजनों का आरोप है कि चौकी में उसके साथ मारपीट की गई। पीड़ित ने कहा कि पिटाई के परिजन ने वीडियो बना लिए थे जिन्हें पुलिसकर्मियों के डिलीट करवा दिया। मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक भगवत सिंह गुर्जर ने बताया कि दुकानदार द्वारा अभद्रता किए जाने पर उसे चौकी ले जाया गया था। बाद में उसे बिना किसी कार्रवाई के छोड़ दिया गया। उन्होंने दुकानदार के साथ किसी प्रकार की मारपीट किए जाने से साफ इन्कार किया है। थाना प्रभारी ने कहा कि यदि इस संबंध में कोई शिकायत प्राप्त होती है तो मामले की जांच कराई जाएगी।