मक्खनपुर (फिरोजाबाद)। कस्बे में शनिवार की सुबह करीब सात बजे ओके ग्लास के पीछे रेलवे लाइन किनारे करीब 22 वर्षीय युवती का नग्न अवस्था में शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवती का चेहरा जला होने के कारण शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। आसपास के जिलों की पुलिस को भी सूचित कर दिया है।
शनिवार की सुबह रेलवे लाइन किनारे से गुजर रहे लोगों की नजर युवती के शव पर पड़ी। युवती का शव नग्नावस्था में जमीन पर पड़ा मिला। युवती का निवस्त्र शव पड़ा होने की सूचना पर आसपास के ग्रामीणों मौके पर पहुंच गए। शव की शिनाख्त के लिए प्रयास किए। युवती का हाथ, सीना और चेहरा जला होने के कारण युवती की शिनाख्त नहीं हो सकी। शव बरामद होने की सूचना पर एसएसपी अजय कुमार, सीओ शिकोहाबाद बल्देव सिंह खनेड़ा व थानाध्यक्ष मक्खनपुर पुलिस मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही शव की शिनाख्त के प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। शव को पोस्टमार्टम को भेजने के साथ ही मैनपुरी, इटावा और आगरा के साथ मथुरा पुलिस को इसकी सूचना दी गई ताकि शव की शिनाख्त के साथ ही घटना का खुलासा किया जा सके। शनिवार शाम तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी।
एसएसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
एसएसपी अजय कुमार पांडेय ने कहा कि घटना के खुलासे के लिए डॉग स्क्वैड की टीम को मौके पर बुलाया गया। युवती की पहचान न हो सके इस उद्देश्य से आरोपी ने उसके चेहरे को किसी ज्वलनशील पदार्थ डालकर जलाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। घटना का खुलासा जल्द किया जाएगा।