उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई। वहीं एक युवक का शव फंदे पर लटकता मिला। दोनों घटनाएं अलग-अलग थाना क्षेत्र में हुईं। मौके पर पहुंची जीआरपी व पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
दक्षिण थाना क्षेत्र के नई बस्ती निवासी हर्षा देवी (50) बुधवार को दिन में करीब साढ़े 11 बजे अपने किसी परिचित से मिलने थाना लाइनपार क्षेत्र के नगला विश्नू जा रही थी। रास्ते में रेल माल गोदाम के समीप रेलवे ट्रैक पार करते वक्त वह किसी एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गई।
यह भी पढ़ेंः- ज्योति मौर्य जैसा मामला: पत्नी को दिन-रात मेहनत कर पढ़ाया, बोली- तेरी मेरी बराबरी नहीं; डॉक्टर पर आया दिल
प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर जीआरपी मौके पर पहुंची। जीआरपी ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। वहीं सूचना मिलने पर मृतका के परिजन व पड़ोसी भी जिला अस्पताल पहुंच गए।
फंदा लगाने से युवक की मौत
इसके अलावा खैरगढ़ थाना क्षेत्र में राकेश कुमार (52) दरगपुर गांव का निवासी था। बुधवार की दोपहर को राकेश कुमार ने संदिग्ध परिस्थितियों में गांव के बाहर स्थित एक किसान के खेत में लगे पेड़ से फंदा लगा लिया। राकेश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
यह भी पढ़ेंः- यात्रीगण कृपया ध्यान दें: सात ट्रेन निरस्त, आठ का बदला रास्ता; घर से निकलने के पहले यहां देख लें लिस्ट
सूचना मिलने पर थाना खैरगढ़ भी मौके पर पहुंच गई। आवश्यक कार्रवाई के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। ग्रामीणों के अनुसार युवक द्वारा पारिवारिक कलह के चलते आत्मघाती कदम उठाये जाने की बात सामने आई है।