दीपावली पर रंग-बिरंगी एलईडी झालरें भरपूर रोशनी बिखरेंगी। यह झालरें बिजली भी बचाएंगी। इस बार दीपावली पर चाइना ने मार्केट में आकर्षक झालरें और लाइटों की बड़ी रेंज उतारी है। इस समय सादा झालरों की अपेक्षा एलईडी की सर्वाधिक मांग है।
दीपावली की रौनक बाजार में बिखरने लगी है। रेडीमेड, इलेक्ट्रानिक, आतिशबाजी के साथ इलेक्ट्रिक बाजार भी गुलजार है। इस बार इलेक्ट्रिक मार्केट पर चाइना ने पूरी तरह कब्जा कर लिया है। ब्रांडेड कंपनियों को छोड़कर अब लोग चाइना का झालरों और बल्ब खरीदने में अधिक रुचि दिखा रहे हैं। इसका प्रमुख कारण लाइटों का आकर्षक होने के साथ ही सस्ता होना भी है।
चाइना ने दीपावली पर एलईडी झालरों की आकर्षक डिजाइन, बल्ब और पट्टी की लाइटिंग बाजार में उतारी हैं। इसमें रॉकेट, पेंसिल 100 से 150 रुपये तक, स्टील एलईडी 70 से 200 रुपये, आजीबी (दो कलर में) 65 से 200 रुपये तक, गोला एलईडी, फ्लोवर 400 से 500 रुपये, लेजर लाइट 500, आरजीबी पाइप 20 मीटर में 900 रुपये, रंग-बिरंगे बल्ब 60 रुपये, 240 बल्ब की लाइट पट्टी, लोटस फ्लोवर और फीता में आकर्षक झालरें बाजार में नजर आ रही हैं। बाजार में सादा झालरें 15 से 50 रुपये और एलईडी झालर 70 से 300 रुपये में हैं।
महंगाई की मार से 40 प्रतिशत तक घटी बिक्री
इलेक्ट्रिक मार्केट में भी महंगाई की मार साफ नजर आ रही है। थोक विक्रेता सोनी कन्हैया का कहना है कि इस बार बाजार में झालरों की बिक्री 40 प्रतिशत तक घटी है। गत वर्षों में दीपावली से पूर्व झालरों और बल्ब की अच्छी बिक्री होती थी, लेकिन इस बार महंगाई के चलते ग्राहक झालरें और बल्ब कम खरीद रहे हैं।