फिरोजाबाद। परिषदीय स्कूलों में मंगलवार से 15 दिनों का अवकाश हो गया। अब स्कूल 14 तक बंद रहेंगे और 15 जनवरी को खुलेंगे। इसके बाद फिर से पढ़ाई शुरू होगी।
जिले में 1827 परिषदीय स्कूल और 3 कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय संचालित हैं। 1.42 लाख छात्र-छात्रा पंजीकृत हैं। बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष पांडेय ने बताया कि शासन का आदेश है कि 31 दिसंबर 2021 से 14 जनवरी 2025 तक शीतकालीन अवकाश रहेगा। इस दौरान जिले के सभी परिषदीय विद्यालयों के साथ सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त स्कूलों में कक्षा एक से लेकर आठवीं तक के छात्र-छात्राओं का भी अवकाश रहेगा। वहीं, दूसरी ओर शीतकालीन अवकाश के दौरान बच्चे घर पर पढ़ाई कर सकें। इसके लिए बहुत से शिक्षकों की ओर से उन्हें 15 दिन का गृह कार्य भी दिया गया।
शीतकालीन अवकाश के बाद सभी स्कूल 15 जनवरी को निर्धारित समय पर खुलेंगे। उन्होंने बताया कि शिक्षकों को निर्देश जारी किए गए हैं कि वह अवकाश से पूर्व स्कूल बंद करते समय इस बात का ध्यान रखें कि विद्यालय में रखे सामान की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाए। साथ ही इस बात का भी ध्यान रखा जाए कि ऐसा न हो कि कक्ष-कक्षा में कोई भी पशु-पक्षी व जानवर आदि बंद न हो। इसका सभी स्कूलों को पालन करना होगा। शीतकालीन अवकाश शुरू होने को लेकर परिषदीय स्कूलों के बच्चे काफी उत्साहित हैं।