टूंडला में थाने के बगल में टूंडली जाने वाले मार्ग में भरा बरसात का पानी संवाद
टूंडला। उमसभरी भीषण गर्मी के बुधवार शाम हुई झमाझम बारिश से टूंडला के निचले क्षेत्रों में भारी जलभराव हो गया। करीब डेढ़ घंटे हुई मूलसाधार बारिश से शहर की गलियों, सड़कों को नहर-नालों का रूप अख्तियार कर लिया। तेज बारिश के चलते शहर के बाजारों में सन्नाटा पसर गया। वहीं जलभराव के चलते लोग आवागन के लिए परेशान रहे।
पिछले चार दिनों से हो रही रुक-रुककर बारिश के बाद बुधवार शाम साढ़े छह बजे से शुरू हुई देरशाम आठ बजे तक अनवरत जारी रही। जोरदार बारिश से समूचा टूंडला क्षेत्र में हर सड़क, गली में पानी ही पानी दिखाई देने लगा। गलियों व सड़ाकों पर बरसात का पानी ऐसे चल रहा था मानों वह गली या सड़क न होकर नाले या नदियां हों। शहर के मुख्य वीआईपी मार्ग को छोड़ एनसीआर कालेज रोड, कंपनीबाग मार्ग, टूंडली मार्ग, नईबस्ती, तेलमिल रोड, शमसान घाट रोड, सुभाष चौराहा, एटारोड, फिरोजाबाद, आगरा के सर्विस लेन आदि मार्गों पर एक से डेढ़ तक पानी था।
बारिश में मकान की छत व दीवार गिरी, बाल-बाल बचा परिवार
टूंडला। थाना क्षेत्र के गांव बदनपुर में बरसात के बीच सुधीर कुमार पत्नी मीना देवी और दो बेटी व एक बेटे के साथ मकान के बाहर पड़ी टीनशेड के नीचे सो रहे थे। रात्रि करीब एक बजे उनके मकान की छत और एक दीवार भरभराकर गिर पड़ी। आवाज सुनकर परिजन जाग गए। मौके पर देखा तो उनके होश उड़ गए। मलबे के नीचे उनका घरेलू सामान जिसमें गेहूं, पशुओं का भूसा सहित अन्य सामान दब गया। घटना के दौरान गर्मी के चलते पूरा परिवार घर के बाहर टीन शेड के नीचे सो रहा था। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी पर प्रधान प्रतिनिधि दिनेश कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने एसडीएम और क्षेत्रीय लेखपाल को जानकारी दी। पीड़ित ने मुआवजे की मांग की है। संवाद