झलकारी नगर में पानी की समस्या से जूझती क्षेत्रीय लोगों की भीड़ नगर निगम के टैंकर से पानी भरते हुए
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। भीषण गर्मी में शहर के कई क्षेत्रों में पानी का संकट खड़ा हो गया है। कहीं नलकूप खराब हैं तो कहीं गंगाजल की आपूर्ति नहीं हो रही है। वहीं शहर के कई इलाके दूषित जलापूर्ति का भी दंश झेल रहे हैं। वार्ड संख्या 12 के मोहल्ला झलकारी नगर और गंगा नगर की पांच हजार की आबादी दो दिन पूर्व नलकूप खराब होने से पानी के संकट से जूझ रही है। इन क्षेत्रों में नगर निगम द्वारा टैंकर भेजकर जलापूर्ति की जा रही है। क्षेत्र में टैंकर पहुंचते ही पानी के आपाधापी मच जाती है।
झलकारी नगर और गंगा नगर में जेड़ाझाल की पाइप लाइन तो डाली गई है लेकिन गलियों के अंदर तक गंगाजल की आपूर्ति नहीं होती है। यह मोहल्ले जलेसर स्थित झील की पुलिया से काफी अंदर हैं। इन मोहल्लों को नलकूप से आपूर्ति दी जाती है लेकिन दो दिन पूर्व झील की पुलिया के समीप लगा नलकूप खराब हो गया। ऐसे में इन क्षेत्रों में जलापूर्ति पूरी तरह से बाधित हो गई। अब यहां जल निगम टैंकरों से पानी की आपूर्ति कर रहा है। क्षेत्रीय पार्षद मनोज शंखवार ने बताया कि नलकूप खराब होने की जानकारी जलकल विभाग के अधिकारियों को दी गई थी। नलकूप को ठीक कराने का कार्य शुरू हो गया है।