नगला भाऊ के गोविंद नगर में पानी की पाइप लाइन लीकेज होने के कारण सड़क में हुआ गड्ढा, भरा पानी
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। शहर के कई क्षेत्र दूषित जलापूर्ति की समस्या से जूझ रहे हैं। कहीं पाइप लाइन लीकेज हैं तो कहीं खुले कनेक्शनों के कारण घरों तक दूषित पानी पहुंच रहा है। बारिश में खुले कनेक्शन और लीकेज लाइनों के सहारे घरों में पानी के साथ नाले-नालियों की गंदगी भी पहुंचती है। प्रस्तुत है अमर उजाला के अभियान के साथ नगला भाऊ की समस्या...।
वार्ड संख्या 35 के मोहल्ला नगला भा में गंगाजल देने के लिए जल निगम द्वारा पाइप लाइन डाली गई और पानी आपूर्ति भी सुचारु कर दी गई। हालांकि एक किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में पड़ी पाइप लाइन जगह-जगह लीकेज है। इस कारण पानी की आपूर्ति बाधित हो रही है। क्षेत्रीय लोगों की मानें तो फायर स्टेशन से सदर तहसील को जाने वाले मार्ग पर पाइप लाइन लीकेज है। इसे ठीक करने के लिए सड़क को खोदा गया था लेकिन आज तक लाइन ठीक नहीं कराई गई। मोहल्ला गोविंदनगर के पीछे तीन स्थानों पर पाइप लाइन लीकेज है। इस कारण दूषित पानी घरों तक पहुंचता है। क्षेत्र की करीब दस हजार की आबादी दूषित जलापूर्ति से परेशान है।