फिरोजाबाद। मोहल्ला तिलक नगर की किन्नर वाली गली में पानी की पाइप लाइन जोड़ने पर निगम की टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान दो पक्ष आमने-सामने आ गए। सूचना पर कोटला रोड चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत कराया। हालांकि विवाद के बाद निगम की टीम पाइप लाइज जोड़े बिना ही चली गई। मोहल्ला तिलक नगर स्थित किन्नर वाली गली में सौ से अधिक परिवार रहते हैं। नगर निगम द्वारा क्षेत्रीय लोगों को पानी उपलब्ध कराने के लिए क्षेत्र में पाइप लाइन तो डाल दी गई लेकिन गली में डाली गई पाइप लाइन को मैन पाइप लाइन से नहीं जोड़ा गया ।
ऐसे में किन्नर वाली गली के लोगों को काफी समय से पानी के संकट का सामना करना पड़ रहा है। समस्या के निस्तारण के लिए किन्नर वाली गली के लोगों ने निगम अधिकारियों को अवगत भी कराया था लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इस पर क्षेत्र के दिनेश दीक्षित ने डीएम ऑफिस में शिकायत की। इस पर रविवार को नगर निगम की टीम पाइप लाइन जोड़ने पहुुंची लेकिन पाइप लाइन नहीं जुड़ सकी। सोमवार सुबह फिर से नगर निगम की टीम पाइप लाइन जोड़ने पहुंची तो कुछ लोगों ने इसका विरोध कर दिया।
इसके बाद दूसरी गली में रहने वाले लोग भी एकत्रित हो गए और पाइप लाइन जोड़ने की बात कहने लगे। इस पर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने की सूचना पर इलाका पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत करा दिया। उधर मामला बढ़ता देख नगर निगम की टीम पाइप लाइन जोड़े वहां से चली गई। इससे क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि अभी तक दूरदराज से पानी लेकर आते थे लेकिन लॉकडाउन के कारण पुलिस घरों से बाहर नहीं निकलने दे रही है। ऐसे में पानी का संकट और गंभीर हो गया है। क्षेत्र के लोगों ने डीएम से समस्या का निस्तारण कराने की मांग की है।