शीतगृहों में अधूरे पडे़ हैं हार्वेस्टिंग सिस्टम
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। जिले में शीतगृहों में वर्षा जल संचयन के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने की ओर ध्यान ही नहीं है। एक वर्ष पूर्व जिला प्रशासन ने सभी शीतगृहों में यह सिस्टम लगाने के निर्देश दिए थे, लेकिन अभी तक धरातल पर कुछ नहीं है। फिलहाल जिले में संचालित शीतगृहों में से 50 प्रतिशत में ही यह लगे हुए हैं।
जिले में भूगर्भ जल दोहन के सापेक्ष जल संचयन का प्रतिशत काफी कम है। औद्योगिक व्यापारिक गतिविधियों के संचालन के लिए विभिन्न माध्यमों से भूगर्भ जल का दोहन करने वाली इकाइयों खास तौर पर शीतगृह संचालक जल संचयन के मुद्दे पर पूरी तरह उदासीन हैं। जबकि एक वर्ष पूर्व कडे़ निर्देश दिए थे। शीतगृह स्वामियों को रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम नहीं लगाने की स्थिति में लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं कराने तक के निर्देश दिए गए, लेकिन भूगर्भ जल का अतिदोहन करने वाले शीतगृह संचालक इन निर्देशों के प्रति लापरवाह बने हुए हैं। जिले में संचालित कुल 152 शीतगृहों में से 75 शीतगृहों में ही वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाए हैं।