फिरोजाबाद। शहर के आधा दर्जन से अधिक मोहल्लों में पानी का संकट बना हुआ है। ठारपूटा और संतनगर में विद्युतीकरण होने के कारण जहां पानी की सप्लाई बाधित है। वहीं, मोहल्ला तिलक नगर में भी पिछले चार दिनों से पानी का संकट क्षेत्रीय लोग झेल रहे है। मोहल्ला संतनगर और बिहारीनगर नलकूप खराब होने के कारण पानी का संकट गहराता जा रहा है। लोग सुबह होते ही पानी की तलाश में खाली बर्तन लेकर भटकते हैं। जबकि नलकूपों को ठीक कराने के लिए क्षेत्रीय लोग पिछले कई दिनों से मांग कर रहे हैं। इसके साथ ही लेबर कॉलोनी, नई आबादी, 60 फुटा रोड, हाजीपुरा के साथ शहर के अन्य मोहल्लों में भी पानी का संकट बना हुआ है। इन क्षेत्रों में टैंकरों से पानी की सप्लाई दी जा रही है। लोगों का कहना है कि सर्दी के दिनों में जब पानी केे संकट को जलकल विभाग दूर नहीं कर पा रहा है तो गर्मी में संकट और गहरा जाएगा। समय रहते नगर निगम को इंतजाम करना चाहिए।
क्या कहते है लोग
पिछले चार दिनों से क्षेत्र में पानी की सप्लाई नहीं आ रही। पानी का इधर-उधर से इंतजाम करना पड़ रहा है। अभी यह हाल है तो आने वाले दिनों में मौसम परिवर्तन होगा। तब पानी की अधिक आवश्यकता पड़ेगी।
लक्ष्मी देवी निवासी तिलक नगर।
पिछले चार दिनों से पानी का संकट झेलने को विवश हो रहे है। थोड़ा बहुत पानी आता भी है तो इतनी बालू आती है कि उस पानी का प्रयोग न खाने में किया जा सकता और न ही पीने में। जिससे दिक्कत खड़ी हो गई है।
रानी देवी निवासी बोधाश्रम रोड।
जिन क्षेत्रों में पानी का संकट है। वहां पर समस्या का निस्तारण कराने की पहल की जा रही है। जल्द ही निस्तारण कराने के साथ ही पानी के संकट को दूर किया जाएगा। जिससे आने वाले दिनों में पानी का संकट न रहे।
रामबाबू राजपूत महाप्रबंधक जलकल