फिरोजाबाद। जिले में नहर और माइनरों में सिल्ट सफाई और ड्रेसिंग कार्य में खानापूर्ति की जा रही है। स्थलीय सत्यपान के दौरान कई जगहों पर नहर व माइनरों की सफाई कार्य में अनियमिताएं मिलीं। सीडीओ नेहा जैन ने अनियमिता मिलने की स्थिति में एक्सईएन नहर को चेतावनी के साथ कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर जिले के सभी खंड विकास अधिकारियों ने सोमवार को अपने-अपने क्षेत्रों में नहर और माइनर सफाई कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अरांव क्षेत्र में पिडसरा माइनर,अरांव माइनर एवं कुढीना एवं भारौल माइनर सील्ट से अटे दिखे।
टूंडला क्षेत्र के देवखेडा,घिरौली,पवारी,मोहम्मदाबाद,कोटकी एवं हजरतपुर क्षेत्र में माइनरों की सफाई व ड्रेसिंग कार्य में खामियां मिलीं। शासन की प्राथमिकता वाले कार्य में अनियमिता मिलने पर सीडीओ नेहा जैन ने एक्सईएन नहर को चेतावनी दी है। कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। तीन दिन में स्पष्टीकरण नहीं देने की स्थिति में विभागीय कार्यवाही की बात कही गई है।