पंचायत चुनाव की मतदाता सूची की आनलाइन फीडिंग के लिए प्रक्रिया तेज हो गई है। जल्द ही एक क्लिक पर ग्राम पंचायत की मतदाता सूची का ब्योरा कंप्यूटर स्क्रीन पर होगा। इससे सूची में गड़बड़ी की संभावना भी कम हो जाएगी।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। प्रशासन की ओर से जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत और ग्राम पंचायत के वार्डों की परिसीमन की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पंचायत और विधानसभा की मतदाता सूची की मिलान की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही पंचायत चुनाव के लिए मतदाता सूची की तैयारी के प्रपत्रों का प्रकाशन निर्वाचन कार्यालय से शुरू करा दिया है। आयोग के आदेशानुसार इस बार पंचायत चुनाव की मतदाता सूची ऑनलाइन तैयार कराई जाएगी। इसकी फीडिंग भी आनलाइन होगी। जिससे वोटर और बूथ संख्या की जानकारी घर बैठे ही मिल सके। हालांकि आयोग पहले विधानसभा सूची से ही चुनाव कराने की योजना बना रहा था लेकिन सूची मिलान के बाद यह संभव नहीं है।
पंचायत चुनाव की मतदाता सूची की फीडिंग का काम इस बार ऑनलाइन किया जाएगा। इस बार मैनुअल सूची नहीं बनेगी। वार्डों का परिसीमन पूरा होने के बाद यह प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
रवींद्र शर्मा
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी