आसफाबाद स्थित सती नगर के बाद अब हिमांयूपुर में वायरल फीवर फैल गया है। यहां तेज बुखार और बदन दर्द से लोग पीड़ित हैं।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि इस बीमारी के बारे में उन्होंने चार दिन पूर्व स्वास्थ्य विभाग को जानकारी दी थी। इसके बाद भी टीम नहीं आई। बुधवार को जब प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दी गई, तब कहीं जाकर टीम क्षेत्र में कैंप लगाने पहुंची। उपचार के नाम पर दो-दो गोलियां मरीजों को थमाई और क्षेत्र से चलती बनी। इससे लोगों में आक्रोश है। महेंद्र सिंह, शशी, प्रांशी, चेतराम, सत्यप्रकाश, जूली, अंजू, ईशू, आशीष, अवधेश, सोनू, गुडिया, प्रशांत, रिया, दिव्यांशी, ओमवती, सुनीता, क्षमा, परहीत, प्रिसं, खुशी और अभी की हालत गंभीर बनी हुई है। इनके साथ ऐसे अन्य लोग है जो बीमारी के चलते चलने फिरने में लाचार है।
गंदगी के कारण फैला वायरल
क्षेत्रीय लोगों की माने तो क्षेत्र में वायरल गंदगी के कारण फैला है। पिछले कई दिनों से सफाई कर्मचारी के न आने के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया था। मच्छरों से निजात पाने के लिए लोगों ने अपने अपने घरों के बाहर स्वयं सफाई कर ली थी। इससे बीमारियों के साथ मच्छरों से बचा जा सके।
हिमांयूपुर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 95 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। 20 में मलेरिया के लक्षण मिले तो रक्त स्लाइड बनाई गई। रिपोर्ट आने के बाद तय होगा कि मलेरिया है या फिर नहीं। अधिकांश मरीजों का कहना था कि ठंड के साथ बुखार आता है।
पुष्कर आनंद - सीएमओ