जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय पर पंचायत चुनाव की आपत्तियों को चढ़ाते कर्मचारी
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की अनंतिम आरक्षण सूची पर आपत्ति दर्ज कराने वालों की अंतिम दिन डीपीआरओ कार्यालय के साथ-साथ ब्लॉक में कतार लगी रहीं। लोगों ने पंचायत के आरक्षण को बदलने के लिए आंकड़े पेश किए।
जिले की 564 ग्राम प्रधान, 817 बीडीसी सदस्यों, 33 जिला पंचायत सदस्य एवं नौ ब्लॉक प्रमुख पद का आरक्षण जिला प्रशासन ने दो मार्च को जारी कर दिया था। आरक्षण पर चार से आठ मार्च तक आपत्ति दर्ज कराने का मौका दिया था। आरक्षण पर आपत्ति दर्ज कराने का अंतिम दिन होने के कारण सोमवार को जिला मुख्यालय पर सुबह से आपत्ति दर्ज कराने के लिए आने वालों का क्रम जारी रहा। कोई अपनी पंचायत की प्रत्येक वर्ग की आबादी का आंकड़ा लेकर मुख्यालय पर पहुंचा था तो कोई ग्राम प्रधान पद के पिछले पांच बार के आरक्षण की सीट लेकर पहुंच गया। अनुसूचित वर्ग के लिए आरक्षित की गई पंचायतों के लिए सर्वाधिक आपत्तियां आई। या फिर ऐसे गांव के लिए आपत्तियां दिखाई दीं जहां कोई सामान्य वर्ग का व्यक्ति नहीं है और ग्राम पंचायत को अनारक्षित श्रेणी में कर दिया। डीपीआरओ नीरज कुमार सिन्हा ने कहा कि प्रधान, बीडीसी एवं जिला पंचायत सदस्य पद के लिए आई आपत्तियों को संज्ञान लेकर उनका निस्तारण किए जाने की कार्रवाई की जाएगी। सभी आपत्तियों का निस्तारण करने के बाद 13 या 14 मार्च को आरक्षण की सूची का फाइनल प्रकाशन किया जाएगा।