शिकोहाबाद। परिवार के खिलाफ अपशब्द बोले जाने से आहत होकर ग्रामीण ने फंदा लगाकर जान देने का प्रयास किया। उसकी हालत गंभीर हो गई। उसे उपचार के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। यहां से उसे गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद रेफर कर दिया गया।
गांव लखनई निवासी बदन सिंह (40) शनिवार को घर पर मौजूद थे। वह किसी काम से खेत पर गए हुए थे। तभी ग्रामीणों ने किसी बात को लेकर बदन सिंह से उसके परिवार के बारे में अपशब्द कहे। जिनको सुनकर वह परेशान हो गया। उसने घर पर आकर खुद को कमरे में बंद कर लिया और फंदे पर झूल गया। फंदे पर लटके बदन सिंह पर उसकी पत्नी ममता देवी की नजर पहुंची तो उसके होश उड़ गए। चीखपुकार की आवाज सुनकर अन्य परिजन भी वहां आ गए। जिन्होंने बदन सिंह को फंदे से उतारकर उपचार के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया।
हालत नाजुक होने के चलते उसे यहां से मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। आरोप है कि ग्रामीणों ने पीड़ित के साथ पिटाई भी की है। इंस्पेक्टर नसीरपुर राजीव राघव का कहना है कि हमारे पास घटना की तहरीर नहीं आई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।