यूपी के फिरोजाबाद जिले के थाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में हेड कांस्टेबल रुपये लेते हुए दिख रहा है। घूस लेने का आरोप लगने के बाद वीडियो को लेकर पुलिस विभाग में खलबली मची हुई है।
फिरोजाबाद के थाना नारखी में तैनात एक हेड कांस्टेबल द्वारा कागजों के सत्यापन के नाम पर रिश्वत लेने का मामला सामने आया है। बृहस्पतिवार रात को सोशल मीडिया पर रिश्वत लेते हुए हेड कांस्टेबल का वीडियो वायरल होने से पुलिस महकमे में खलबली मच गई। वीडियो में हेड कांस्टेबल एक युवक से स्पष्ट रूप से रुपये लेते दिखाई दे रहा है।
विज्ञापन
ग्राम मुईउद्दीनपुर निवासी संतोष ने बताया कि वह अपने किसी निजी कार्य के कागजों का सत्यापन कराने गए थे। आरोप है कि वहां नारखी थाने के हेड कांस्टेबल ने कार्य करने के बदले रुपयों की मांग की। रुपये लेते समय मोबाइल से वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ टूंडला अरुण कुमार चौरसिया को जांच सौंपी गई है। सीओ के अनुसार, इस मामले में एक नया मोड़ सामने आया है। संबंधित व्यक्ति संतोष से बृहस्पतिवार रात को बात की गई थी, तब उसने एक वीडियो बयान जारी कर किसी को भी रिश्वत देने की बात से इन्कार किया था। लेकिन शुक्रवार को उसका एक दूसरा वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह रिश्वत के संबंध में बयान देता नजर आ रहा है।
विज्ञापन
इन परस्पर विरोधी बयानों और वायरल वीडियो ने मामले को पेचीदा बना दिया है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।