सिरसागंज विधायक हरिओम यादव के पुत्र विजय प्रताप सिंह छोटू के निर्विरोध निर्वाचन की औपचारिक घोषणा सोमवार को हो गई। जिलाधिकारी विजय किरन आनंद ने विजय प्रताप यादव को जिला पंचायत अध्यक्ष का प्रमाण पत्र सौंपा।
बताते चलें कि जिले की लालबत्ती के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर चल रहा सस्पेंस एक जनवरी को समाप्त हो गया था। अध्यक्ष पद के लिए सिर्फ सपा के घोषित प्रत्याशी विजय प्रताप उर्फ छोटू ने नामांकन पत्र जमा किया था। निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा और पत्र चस्पा होने के साथ उनका जिला पंचायत अध्यक्ष बनना तय था। लेकिन आयोग की प्रक्रिया के अनुसार नाम वापसी तक किसी प्रत्याशी को जीत का प्रमाणपत्र नहीं दिया जा सकता। नाम वापसी की तिथि चार जनवरी थी। सोमवार को अपराह्न तीन बजे के बाद विजय प्रताप सिंह यादव को जिला पंचायत अध्यक्ष घोषित कर दिया गया। सवा तीन बजे जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम विजय किरन आनंद ने जिला पंचायत अध्यक्ष के निर्वाचन की घोषणा करते हुए छोटू यादव को प्रमाण पत्र सौंपा। प्रमाण पत्र के साथ डीएम ने छोटू यादव को विकास का संकल्प दिलाते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष विजय प्रताप ने कहा कि जिला पंचायत की कुर्सी सपा के खाते में रही ऐसा प्रोफेसर रामगोपाल की वजह से हुआ है। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष डा. दिलीप यादव, निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चंद्र चंचल, विधायक ओम प्रकाश वर्मा, विधायक हरिओम यादव, विधायक रामवीर सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष रामसेवक यादव, जिला पंचायत सदस्य दुर्गपाल सिंह, डीपी यादव, बृजेश उपाध्याय, शमसाद बाबा, बिजेंद्र सिंह ठेकेदार, बंटू कठेरिया, असलम परवेज, राजेश कुमार यादव समेत अन्य जिला पंचायत सदस्य और सपा नेता मौजूद रहे।