सपा नेता हत्याकांड का आरोपी विक्की मिश्रा की हत्या में जांच की सुई अब करीबियों पर आकर रुक गई है। पुलिस ने पिता की तहरीर पर चार के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कर लिया है। हालांकि हत्याकांड के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ कुछ नहीं लग सका है। जांच में जुटी पुलिस का मानना है कि नामजद आरोपियों ने भले ही रजिंशन घटना की वारदात की हो लेकिन घटना में अपनों की भूमिका भी संदिग्ध है। माना जा रहा है कि जिस स्थान पर हत्या की गई है, वहां वह केवल उन लोगों के साथ ही जा सकता था, जो विक्की के करीब थे।
बता दें कि गुरुवार रात तिलक नगर निवासी विकास उर्फ विक्की मिश्रा का शव रामगढ़ थाना पुलिस ने ठारपुटा स्थित खीरे के खेत से बरामद किया गया था। वारदात का स्थान आबादी से काफी दूर फूलों वाली बगिया के समीप था। पुलिस ने घटनास्थल से दस डिब्बे बीयर और 12 बोर के कुछ कारतूस भी बरामद किए हैं, लेकिन तमंचा पुलिस के हाथ नहीं लग सका। हत्याकांड की जांच कर रहे थानाध्यक्ष रामगढ़ प्रवेश कुमार की मानें तो जिस स्थान पर वारदात की गई, वहां विक्की को पकड़ कर नहीं ले जाया जा सकता था। अभी तक की जांच में जो तस्वीर सामने आई है, उससे प्रतीत होता है कि विक्की को उस स्थान तक ले जाने वालों में करीबियों का हाथ हो सकता है। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने स्वदेश, मोेंटी, माेंटू और रामू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमों का गठन भी कर दिया गया है। पुलिस ने मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
तीन बजे करीब की गई हत्या
गोली चलने की आवाज करीब तीन बजे ठारपूटा के बाशिंदों ने सुनी। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। लेकिन पुलिस को शव दिखाई नहीं दिया। शाम करीब छह बजे एक व्यक्ति ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बरामद किया।