वंशीनगर में नगरपालिका के खिलाफ नारेबाजी करते महिला-पुरूष। सोर्स संवाद
शिकोहाबाद। मैनपुरी रोड स्थित वंशीनगर इलाका बदहाल हो गया है। यहां पिछले तीन माह से जलभराव है। इलाके के आस पास के रह रहे लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। इस समस्या को लेकर यहां के लोगों ने बुधवार को नगरपालिका के विरोध में जमकर नारे लगाए।
मैनपुरी रोड वंशी नगर का हाल बेहाल है। नगरपालिका क्षेत्र की सीमा समाप्त होते ही ग्राम पंचायत की सीमा शुरू हो जाती है। जहां बुढ़रई गांव के लोगों ने नाली का पानी अपने क्षेत्र में आने से रोक दिया है। जिसके चलते सड़क पर पिछले तीन माह से नाली का गंदा पानी मकानों के बाहर भरा हुआ है। यहां रह रहे लोगों को गंदे पानी से होकर मजबूरन गुजरना पड़ता है। लोगों का कहना है कि उन्होंने नगरपालिका, थाना पुलिस एवं तहसील में इसकी शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
स्थानीय निवासी आनंद प्रकाश ने कहा कि पिछले तीन माह से नाली का पानी भरा हुआ है। जिससे मच्छर पनप रहे हैं। इससे संक्रामक रोगों के फैलने का खतरा भी बढ़ रहा है। मीना देवी ने बताया कि नगरपालिका में कई बार शिकायत की जा चुकी है। हर बार नाले का प्रस्ताव भेजने एवं धनराशि स्वीकृत होने का बहाना लगाकर पिछले दो वर्षों से इस कार्य को बीच में छोड़ दिया जाता है। नीलम देवी ने बताया कि इस इलाके में गंदा पानी भरा रहने के कारण आवाजाही प्रभावित है। बारिश के मौसम में यह समस्या विकराल रूप धारण कर लेगी।
यहां गंदे पानी की निकासी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही समाधान कर दिया जाएगा। फिलहाल में यदि बुढ़रई गांव की ओर पानी की रोक हटा दी जाए, तो गरमी के मौसम के कारण पानी जल्द ही सूख जाएगा- सुरेंद्र प्रताप सिंह, अधिशाषी अधिकारी, नगरपालिका शिकोहाबाद