फिरोजाबाद। थाना खैरगढ़ पुलिस ने जानवरों की चोरी करने वाले गैंग के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से अलग-अलग जगह से चोरी किए गए 21 जानवर और तमंचा व कारतूस बरामद किए हैं। यह गैंग महंगी गाडिय़ों से दिन में गांवों में निकलकर सुरागकशी करता था। जबकि रात एक से तीन बजे के बीच में चोरी की घटना को अंजाम देता था।
एसपी ग्रामीण कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि यह गिरोह अलग अंदाज में चोरी करता था। दिन में गैंग के कुछ सदस्य महंगी गाड़ियों से गांव में भ्रमण करते थे। रास्ते में चाय के खोखे पर लोकेशन लेते थे। रात के अंधेरे में यह सदस्य उन्हीं गांव में जाकर चोरी की घटना को अंजाम देते थे। जानवरों की चोरी करने वाले गैंग के पांच सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसमें थाना लाइनपार के आलमपुर जारखी निवासी अरविन्द, जीतू, नेत्रपाल आगरा के थाना ताजगंज के बगदो निवासी सुनील, बंटी शामिल हैं। पांचों आरोपियों पर 30 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपियों के पास से तमंचा,कारतूस, एक कार, एक बाइक, दो मोबाइल, नकदी और चोरी किए गए 21 जानवर बरामद किए हैं। पांचों को जेल भेजा गया है। टीम में थाना प्रभारी आलोक मिश्रा, सर्विलांस प्रभारी विपिन कुमार आदि मौजूद रहे।