फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर क्षेत्र के लालपुर रोड स्थित जयश्री श्याम हॉस्पिटल में नवजात बच्ची की मौत के बाद शुक्रवार को परिजन ने जमकर हंगामा किया। पीड़ित पिता ने अस्पताल के चिकित्सकों पर उपचार में लापरवाही और अप्रशिक्षित स्टाफ द्वारा अभद्रता व जातिसूचक शब्द कहने के आरोप लगाए हैं। हंगामे की सूचना मिलते ही सीओ सिटी और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और परिजन को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
थाना दक्षिण के गांव बासठ निवासी विमल ने अपनी 27 वर्षीय पत्नी सविता को प्रसव पीड़ा होने पर बृहस्पतिवार दोपहर करीब दो बजे जयश्री श्याम हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। शाम करीब सात बजे सविता ने बच्ची को जन्म दिया। विमल का आरोप है कि जन्म के कुछ देर बाद ही चिकित्सक ने बच्ची की धड़कन कम होने की जानकारी दी। देर रात बच्ची को आसफाबाद चौराहा स्थित आयुष हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन रात में ही नवजात का शव अंतिम संस्कार के लिए गांव ले गए।
शुक्रवार को परिजन फिर से अस्पताल पहुंचे। अस्पताल प्रबंधन महिला को जल्द छुट्टी देने का दबाव बनाने लगा था। इस दौरान परिजन और स्टाफ में फिर से कहासुनी हो गई। विमल का आरोप है कि अप्रशिक्षित स्टाफ के कारण उनकी नवजात बच्ची की मौत हो गई। हंगामे की सूचना पर सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह और थाना प्रभारी रसूलपुर प्रदीप कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन देकर शांत कराया। सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है। घटनाक्रम से स्वास्थ्य विभाग को अवगत करा दिया गया है। तहरीर अभी प्राप्त नहीं हुई है।