गांव कंथरी में रविवार शाम बंदरों के हमले में सीढ़ियों से गिरकर 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। हादसे के समय बच्चा दो मंजिला मकान की छत पर खेल रहा था। परिजन ने बिना पोस्टमार्टम कराए मृतक अभि के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
आरांव थाना क्षेत्र के गांव कंथरी निवासी अंकुश मजदूरी करते हैं। रविवार शाम को उनका बेटा अभि घर की छत पर खेल रहा था। इसी बीच अचानक बंदरों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। खुद को बचाने के लिए वह सीढ़ियों की ओर भागा लेकिन एक बंदर ने उस पर झपट्टा मार दिया। भागते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीढ़ियों से नीचे आ गिरा।
गंभीर रूप से घायल अभि को परिजन आनन-फानन सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों की देखरेख में लगभग दो घंटे तक उसका इलाज चला। डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद अभि की जान नहीं बच सकी और उसने दम तोड़ दिया। बच्चे की मौत होते ही परिजन में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर गांव में मातम पसर गया। ग्रामीणों ने क्षेत्र में बंदरों के बढ़ते आतंक पर आक्रोश जताते हुए प्रशासन से बंदरों को पकड़वाने की मांग की है।