फिरोजाबाद। यूपी बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन कराने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी तैनात होंगे। इसके साथ ही कक्ष निरीक्षकों की तैनाती का भी काम चल रहा है। वहीं, परीक्षा केंद्रों को जिला कंट्रोल रूम से जोड़ने की प्रक्रिया चल रही है।यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में 115 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 74 हजार से अधिरक परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा 22 फरवरी से शुरू होनी है। परीक्षा संपन्न कराने की तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जिला विद्यालय निरीक्षक निशा अस्थाना ने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर अधिकारियों को स्टेटिक मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात किया जाएगा। इस तरह से 115 स्टेटिक मजिस्ट्रेट बनाए जाएंगे। इसके अलावा प्रत्येक सेक्टर में एक-एक सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात होंगे। प्रत्येक तहसील में उपजिलाधिकारी जोनल मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात होंगे।
सभी परीक्षा केंद्रों पर नजर रखने के लिए राजकीय इंटर कॉलेज में कंट्रोल रूम बनेगा। दूसरी ओर परीक्षा के लिए कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की तैयारी चल रही है। 2500 से अधिक कक्ष निरीक्षक तैनात किए जाएंगे। यह कार्य जल्द पूरा कर इसकी रिपोर्ट बोर्ड को भेजी जाएगी।