फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा शुल्क की तिथि घोषित कर दी हैं। कक्षा 10 वीं और 12वीं में नियमित (रेगुलर) छात्रों के लिए परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 5 अगस्त तय की गई है।
जिले में करीब 72 हजार परीक्षार्थी इस बार फार्म भरेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक धीरेंद्र यादव ने बताया कि सभी संस्थागत छात्रों का रजिस्ट्रेशन समय पर करवाना अनिवार्य है। स्कूल के प्रधानाचार्य परीक्षा शुल्क एकमुश्त चालान के जरिए 10 अगस्त तक कोषागार में जमा कर सकेंगे।
16 अगस्त तक यूपी बोर्ड की वेबसाइट पर छात्रों का परीक्षा शुल्क और शैक्षिक जानकारी अपलोड करनी होगी। 10 अगस्त के बाद परीक्षा शुल्क जमा करने पर प्रत्येक छात्र से 100 रुपये का विलंब शुल्क लिया जाएगा। विलंब शुल्क सहित परीक्षा शुल्क चालान के माध्यम से कोषागार में जमा करने की अंतिम तिथि 16 अगस्त है। विलंब शुल्क सहित परीक्षा शुल्क चालान जमा करने तथा वेबसाइट पर विवरण अपलोड करने की अंतिम तिथि 20 अगस्त है।
21 से 30 अगस्त तक, स्कूलों को वेबसाइट पर अपलोड किए गए छात्रों के विवरण की जांच करनी होगी। इसमें नाम, माता/पिता का नाम, जन्मतिथि, विषय, फोटो आदि की गहन जांच शामिल होगी ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि सभी विवरण सही हैं। यदि किसी छात्र की जानकारी में सुधार आवश्यक हो, तो प्रधानाचार्य केवल 1 से 10 सितंबर के बीच ही सुधार कर सकेंगे। इस दौरान किसी भी नए छात्र की जानकारी वेबसाइट पर अपलोड नहीं की जाएगी, केवल सुधार की अनुमति होगी। संस्थानों को अपने पंजीकृत छात्रों की फोटो सूची और अन्य प्रासंगिक दस्तावेजों की एक प्रति क्षेत्रीय कार्यालयों को भेजनी होगी, जिसकी अंतिम तिथि यूपी बोर्ड द्वारा 30 सितंबर 2025 निर्धारित की गई है।