फिरोजाबाद। सीबीएसई, यूपी बोर्ड ने 12वीं की परीक्षा कराए बिना ही परीक्षार्थियों को उत्तीर्ण करने का मानक तैयार कर लिया है। इस मानक से परीक्षार्थी और शिक्षक सहमत हैं। विद्यार्थी भी इस मानक पर कोई आपत्ति नहीं जता रहे हैं। अब परीक्षा परिणाम घोषित होने का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि परीक्षार्थियों ने बोर्ड द्वारा निर्धारित फार्मूले से अपना प्रतिशत तैयार कर लिया है।
सीबीएसई बोर्ड 12वीं के रिजल्ट में 10वीं और 11वीं के अंतिम परीक्षा परिणाम को 30-30 प्रतिशत वेटेज और 12वीं के प्री-बोर्ड परीक्षा परिणाम को 40 प्रतिशत वेटेज दी जाएगी। यूपी बोर्ड 10वीं के प्राप्तांक के 50 फीसदी, 11वीं के 40 और प्री-बोर्ड के 10 फीसदी अंक लेकर नजीते घोषित होंगे हालांकि जो परीक्षार्थी संतुष्ट नहीं होंगे, उन परीक्षार्थियों को बाद में परीक्षा में बैठने का मौका दिया जाएगा। बोर्ड द्वारा परीक्षा परिणाम को लेकर बनाए फार्मूले को लेकर अधिकांश परीक्षार्थियों ने सहमति जताई है।
बोर्ड ने परीक्षा परिणाम को लेकर जो नमूना तय किया है वो बिल्कुल सही है। इससे हाईस्कूल में मेहनत का फल इस बार भी मिल जाएगा। अब परीक्षाएं कराकर परिणाम घोषित करने का समय नहीं है।
आनंद कुमार, इंटरमीडिएट
- अभी तक यह लग रहा था कि बोर्ड कहीं अंक तालिका पर प्रमोट न लिख दे जो बाद में एक दाग बनकर रह जाता। अब जल्द परीक्षा परिणाम घोषित हो, उसी के आधार पर आगे बढ़ना है।
सौरभ कुमार, छात्र इंटरमीडिएट
- प्री-बोर्ड के आधार पर परीक्षा परिणाम घोषित करना गलत नहीं है। पूरे साल पढ़ाई के बाद प्री-बोर्ड परीक्षाएं ही तैयारियों को देखने को कराई जाती है। हालांकि इस बार शत प्रतिशत रिजल्ट रहेगा तो आगे एडमिशन लेने में दिक्कत महसूस होगी।
शिवम शर्मा, छात्र इंटरमीडिएट
- कोरोना के कारण पूरा देश परेशान रहा। इन हालातों के बीच अब परीक्षाएं कराने का समय नहीं है। बोर्ड ने जो मानक तय किया है, वो सटीक हैं। परीक्षार्थियों पर तनाव था कि कैसा रिजल्ट आएगा। बोर्ड ने स्पष्ट कर छात्रों को राहत दी है।
शिवम शर्मा, छात्र इंटरमीडिएट