फिरोजाबाद। जिला क्रिकेट संघ द्वारा अंडर-16 जिला चैंपियनशिप का उद्घाटन उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव यदुवीर सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। पहला मैच फिरोजाबाद क्रिकेट एकेडमी और जिला क्रिकेट एकेडमी के बीच खेला गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी फिरोजाबाद क्रिकेट एकेडमी के बल्लेबाज लकी कटारा ने 34 गेंद में पांच चौके की मदद से 24 रन बनाए। वहीं अवनीश कुशवाहा ने 11 रनों की पारी खेली। पूरी टीम 70 रन पर ऑलआउट हो गई। डीसीए की गेंदबाज सोनम यादव ने पांच ओवर में एक रन देकर छह विकेट झटके और विष्णुकांत यादव ने दो विकेट लिए। एक विकेट नितिन यादव को मिला। लक्ष्य का पीछा करते हुए डीसीए ने छह विकेट से जीत दर्ज की। इस दौरान डीसीए के बल्लेबाज अभिषेक ने 29 गेंदों में 15 रन बनाए। काव्य वशिष्ठ और सार्थक ने 16-16 रनों की पारी खेली। फिरोजाबाद क्रिकेट एकेडमी की सीटू यादव ने दो व लकी कटारा ने एक विकेट प्राप्त किया। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार बीसीसीआई सदस्य अकरम सैफी ने डीसीए की खिलाड़ी सोनम यादव को प्रदान किया। इस दौरान यूपीसीए उपाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, डीसीए अध्यक्ष मोहन किशोर गुप्ता, सचिव केशव लहरी, कोषाध्यक्ष विजय गोयल, शिवकांत शर्मा, प्रदीप मित्तल पम्मी, आशु मित्तल आदि उपस्थित रहे।