टूंडला में एटा रोड पर शनिवार शाम एक तेज रफ्तार बोलेरो के अनियंत्रित होकर ओवरटेक करने के प्रयास में भीषण सड़क हादसा हो गया। बोलेरो की टक्कर से एक बाइक सवार और ऑटो में सवार छह लोग सहित कुल सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तुरंत उपचार के लिए एफएच अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बोलेरो चालक को हिरासत में ले लिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है।
हादसा एटा रोड पर निहाल सिंह की पुलिया के निकट हुआ। पुलिस के अनुसार एक बोलेरो पचोखरा की ओर तेज गति से जा रही थी, चालक ने लापरवाही से ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान बोलेरो ने सामने से आ रहे बाइक सवार अनिल प्रताप निवासी श्रीरामगढ़ी, थाना नारखी को ज़ोरदार टक्कर मार दी। अनिल प्रताप गंभीर रूप से घायल हो गए।
बाइक को टक्कर मारने के बाद भी बोलेरो चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर पाया और आगे जा रहे एक ऑटो रिक्शा में जा टकराया। टक्कर के बाद ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में ऑटो चालक मुकीम निवासी राजमल, थाना रजावली और ऑटो में सवार इसरार, इरफान, तेनु खान, तौहीद और इशरत सभी निवासी राजमल, थाना रजावली घायल हो गए।
सभी घायलों को तत्काल पुलिस द्वारा एफएच अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार देर रात तक जारी रहा। थाना प्रभारी अंजीश कुमार सिंह ने बताया, तेज रफ्तर बोलेरो चालक को गाड़ी सहित हिरासत में ले लिया गया है और बोलेरो को जब्त कर लिया गया है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।