टूंडला (फिरोजाबाद)। दिल्ली से सुल्तानपुर के मुसेपुर (थाना चांदा) में 14 जून को होने वाले एक पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे कार सवारों को टूंडला में फिरोजाबाद हाईवे स्थित दिनौली कट पर एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
शुक्रवार सुबह करीब साढ़े छह बजे हुए इस हादसे में कार तीन बार पलट गई, जिससे सुल्तानपुर के थाना चांदा अंतर्गत गांव मुसेपुर निवासी कार सवार आकाश (40) और उनके भतीजे रमेश (28) गंभीर रूप से घायल हो गए। कार चला रहे दूसरे भतीजे राजेश (37) ने घटना की सूचना डायल 112 को दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्थानीय राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक और क्लीनर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को क्रेन से हटवाकर यातायात सुचारू कराया और ट्रेलर को कब्जे में लेकर राजा का ताल चौकी पर खड़ा करवा दिया है। क्षेत्राधिकारी (सीओ) अरुण कुमार चौरसिया ने बताया कि घायलों का इलाज जारी है और पीड़ित पक्ष से तहरीर मिलने पर फरार ट्रेलर चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।