फिरोजाबाद। रामगढ़ थाना पुलिस ने शुक्रवार देर रात मुठभेड़ में गिरफ्तार किए ऑटो लूट के आरोपी आकाश और उसके मामा भोले निवासीगण रैना, उत्तर को शनिवार को जेल भेज दिया। आकाश मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल हुआ था।
इंस्पेक्टर संजीव दुबे ने बताया कि जीवाराम कुशवाह निवासी जाखई, नारखी जैन मंदिर तिराहा पर शुक्रवार सुबह 5.30 बजे सवारियों के इंतजार में खड़ा था। तभी आकाश और उसका मामा भोले सवारी बनकर ऑटो चालक के पास पहुंचे और ऑटो को सांती के लिए बुक किया। सांती रोड पर एकांत स्थान देखते ही इन दोनों ने जीवाराम पर तमंचा तान दिया और ऑटो लूट लिया था। जीवाराम ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शिनाख्त करते हुए दोनों को पहचान लिया और लूट की वारदात का 10 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए शुक्रवार रात मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।