रसूलपुर पुलिस से मुठभेड़ में घायल आरोपी शेषपाल को जिला अस्पताल में भर्ती कराते इंस्पेक्टर प्रदी
- फोटो : रसूलपुर पुलिस से मुठभेड़ में घायल आरोपी शेषपाल को जिला अस्पताल में भर्ती कराते इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार। संवाद
फिरोजाबाद। रसूलपुर थाना क्षेत्र में 20 जनवरी को नगर निगम के कर्मी व एक अन्य व्यक्ति सहित 21 जनवरी को जसराना में किसान से लूट करने वाले आरोपियों को मुठभेड में गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिसकर्मी बनकर चेकिंग के नाम पर इन्होंने तीनों वारदातों को अंजाम दिया था।
सीओ सिटी प्रवीण तिवारी ने बताया कि इंस्पेक्टर रसूलपुर प्रदीप कुमार की टीम को शुक्रवार देर शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि पुलिसकर्मी बनकर लगातार लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर अपराधी फतेहाबाद रोड पर फिर किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। इंस्पेक्टर प्रदीप अपनी टीम के साथ पहुंचे। वाहन चेकिंग करना शुरू कर दिया। इसी दौरान एक बाइक पर आए दो सवारों को पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इंस्पेक्टर प्रदीप बाल-बाल बचे। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लगी। दूसरे को सुरक्षित गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में इनकी पहचान शेषपाल निवासी जोनई, जसवंतनगर, इटावा (घायल) और दूसरे की पहचान उदय सिंह निवासी डोंडे, निधौली कलां, एटा के तौर पर हुई। इनके पास से लूट के 62900 रुपये, एक बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। घायल शेषपाल को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जांच में सामने आया है कि शेषपाल शिकोहाबाद थाने का गैंगस्टर है। उसकी 2023 में 39 लाख रुपये की संपत्ति भी शिकोहाबाद पुलिस ने कुर्क की थी। शेषपाल अपने फूफा उदयसिंह के साथ पुलिसकर्मी बनकर चेकिंग के नाम पर लूट की वारदातों को अंजाम दे रहा था। हाल में ही वह मैनपुरी जेल से जमानत पर छूटकर आया था।