एक्सप्रेस-वे पर टायर फटने से डिवाइडर पर चढ़ी क्षतिग्रस्त कार। सोर्स पुलिस
शिकोहाबाद। एक्सप्रेस-वे से दिल्ली जा रही कार का अचानक टायर फट गया। जिससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। इस घटना में कार में सवार सात लोगों को मामूली चोट आई है, जोकि बिना उपचार कराए गंतव्य के लिए रवाना हो गए। वहीं क्षतिग्रस्त कार को हाइड्रा मंगवाकर पुलिस ने एक्सप्रेस-वे से हटवाया है।
शुक्रवार को एक स्विफ्ट डिजायर कार बिहार से दिल्ली जा रही थी। जिसको चालक तेज नारायण यादव निवासी बिहार चला रहा था। कार में परिवार के ही कुल सात लोग बैठे हुए थे। जिनमें दो बच्चे बताए गए हैं। कार जब दोपहर ढाई बजे करीब आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर थाना नसीरपुर क्षेत्र के अंतर्गत किलो मीटर संख्या 52.800 के समीप पहुंची। तभी अचानक कार का अगला टायर फट गया। इससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि कार अनियंत्रित होकर पलटी नहीं, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की सूचना पर पहुंची नसीरपुर पुलिस ने कार सवारों को कार से बाहर निकालकर कार को हाइड्रा की मदद से एक्सप्रेस-वे से हटवाया। कार सवारों को मामूली चोट आई थी। इसके चलते वह बस के द्वारा गंतव्य के लिए रवाना हो गए। इंस्पेक्टर नसीरपुर राजीव राघव ने बताया कि मामूली चोट आई थी। वह बिना उपचार कराए ही दिल्ली रवाना हो गए।