टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक लहूलुहान होकर सड़क पर जा गिरे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल भिजवाया। कृष्णा को सरकारी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
फिरोजाबाद के थाना सिरसागंज क्षेत्र के अरांव रोड पर शुक्रवार रात दो बाइकों की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में दोनों बाइकों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में एक की शादी महज चार माह पहले हुई थी, वहीं दूसरा अपने परिवार का इकलौता सहारा था।
विज्ञापन
ग्राम नेजा निवासी संजय कुमार (36) नेजा चढ़ाकर अपने गांव वापस लौट रहे थे। जैसे ही वह अरांव रोड पर गायत्री चिलिंग प्लांट डेयरी के पास पहुंचे। सामने से आ रहे बाइक सवार कृष्णा (21) की बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक लहूलुहान होकर सड़क पर जा गिरे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल भिजवाया। कृष्णा को सरकारी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं, गंभीर रूप से घायल संजय कुमार को परिजन सैफई पीजीआई ले गए, जहां शनिवार रात इलाज के दौरान उनकी भी मृत्यु हो गई। परिजन ने बताया कि कृष्णा का विवाह अभी चार माह पूर्व ही हुआ था और वह अपने दोस्त के साथ मेला देखने निकला था। वहीं, मृतक संजय कुमार पेशे से चालक थे और अपने पीछे दो बेटियों को छोड़ गए हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।