सगी बहनों की मौत के बाद पोस्टमार्टम पर मौजूद परिजन व रिश्तेदार। संवाद
- फोटो : सगी बहनों की मौत के बाद पोस्टमार्टम पर मौजूद परिजन व रिश्तेदार। संवाद
नारखी (फिरोजाबाद)। थाना क्षेत्र के गांव दौलतपुर में एक सांप ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। घर में बेड पर सो रहीं दो सगी बहनों को दो दिन पूर्व रात में सांप ने डस लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजन दोनों को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर और फिर आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद पहले आठ वर्षीय खुशी और अगले दिन छह वर्षीय जानवी की भी मौत हो गई। एक ही परिवार की दो बेटियों की मौत से गांव में मातम पसरा है। मां और परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
गांव दौलतपुर निवासी अशोक की बेटियां खुशी (08) और जानवी (06) 10 जुलाई की रात घर में बेड पर सो रही थीं। देररात एक सांप बेड पर चढ़ आया और दोनों बहनों को डस लिया। कुछ देर बाद दोनों को उल्टियां होने लगीं और गले में तेज दर्द की शिकायत हुई। परिजन उन्हें 11 जुलाई की सुबह करीब पांच बजे ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। एसएन मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान रविवार रात करीब नौ बजे खुशी ने दम तोड़ दिया। परिजन उसका शव लेकर गांव पहुंच गए। इसी बीच सोमवार सुबह करीब पांच बजे छोटी बहन जानवी ने भी अस्पताल में दम तोड़ दिया। दोनों बहनों की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
पिता अशोक राजा का ताल स्थित एक कारखाने में काम कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिवार में छह बेटियां हैं। इनमें खुशी पांचवें और जानवी छठवें नंबर की थीं। खुशी कक्षा तीन और जानवी कक्षा दो की छात्रा थीं। सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं
खुशी का जन्मदिन 7 जुलाई को था। जन्मदिन मनाने के महज छठवें दिन उसकी मौत हो गई। वहीं, जानवी का जन्मदिन 13 अगस्त को आने वाला था, लेकिन उससे पहले ही उसने भी दुनिया को अलविदा कह दिया।