शिकोहाबाद। घने कोहरे के कारण आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर हादसा हो गया। आगे जा रही कार में पीछे से एक अन्य कार टकरा गई। इस हादसे में कुल सात लोग घायल हुए हैं। जिन्हें उपचार के लिए संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। मटसेना थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक्सप्रेस-वे पर किलोमीटर संख्या 44 के पास यह हादसा मंगलवार सुबह सात बजे करीब हुआ। घने कोहरे के कारण आगे जा रही कार में पीछे से एक अन्य कार जा टकराई। आगे चल रही कार को जसकरन पाल (40) निवासी 144 दक्षिणपुरी नई दिल्ली चला रहे थे। कार में उसके साथ उसकी बेटी यशिका (14), सक्षम (5), पत्नी वैशाली (37) सवार थे। कार सवार परिवार दिल्ली से लखनऊ जा रहा था।
वहीं दूसरी कार को चंदन (48) निवासी इंद्रा नगर गाजेपुर लखनऊ चला रहे थे। उनके साथ स्वाती साहू (44), एवं राज कुमारी (60) सवार थीं। पीछे से आ रही कार आगे चल रही कार में कोहरे के कारण जा टकराई।
इस हादसे में सभी लोग घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर यूपीडा एवं मटसेना पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। घायलों को जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया।