मक्खनपुर। हाईवे पर भैंस व्यापारी को गो तस्करी में फर्जी फंसाने की धौंस देकर वसूली, लूटपाट के मामले में दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एक आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। जबकि मुख्य आरोपीसमेत छह की अब भी तलाश में लगी है।थानाध्यक्ष चमन शर्मा ने बताया कि सिरसागंज निवासी सुशेंद्र ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि 30 जुलाई की रात अलीगढ़ के भैंस व्यापारी चाहत कुरैशी से हाईवे पर बाईपास के पास बाइक सवार बदमाशों ने गोतस्करी में फंसाने की धौंस दिखाकर जबरन पांच हजार रुपये खाते में स्थानांतरित करवा लिए थे। पीड़ित कारोबारी लोडर वाहन में भैंसों को लेकर कानपुर देहात पैठ से लौट रहे थे। तभी वारदात की गई थी। सुशेंद्र का आरोप है कि आरोपी आए दिन भैंस कारोबारियों के साथ अवैध वसूली की वारदात करते हैं। तहरीर पर मक्खनपुर पुलिस जांच में जुटी। जांच में नौ लोगों के नाम सामने आए। सोमवार को पुलिस ने लवकुश उर्फ सोनू निवासी कपावली, नारखी और अमन यादव निवासी ग्राम नगला पानसहाय, थाना उत्तर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
किशोरी को ले जाने में वांछित महिला गिरफ्तार
फिरोजाबाद। किशोरी को भगाने में वांछित महिला को थाना दक्षिण पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। उसे जैन मंदिर चौराहे से पकड़ा गया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि 24 अप्रैल को एक युवक ने 15 वर्षीय बेटी के घर से गायब होने की सूचना दी थी। इस मामले की जांच में अमित कुमार निवासी जाफराबाद, मक्खनपुर और पिंकी निवासी नगला पान सहाय, थाना उत्तर का नाम सामने आया था। पुलिस ने किशोरी को सकुशल बरामद कर मुख्य आरोपी अमित कुमार को 27 जुलाई को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। पिंकी की तलाश चल रही थी।