टूंडला। दो साल से नोएडा में प्राइवेट नौकरी कर रहे टूंडला के युवक ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। युवक की आठ माह पूर्व ही शादी हुई थी। घटना की जानकारी से परिजन में कोहराम मच गया और रोते-बिलखते हुए नोएडा के लिए रवाना हो गए।
शहर के एटा रोड निवासी 32 वर्षीय अंशुमन गुप्ता नोएडा में कोटेक महिंद्रा बैंक में दो साल से नौकरी कर रहा था। 24 फरवरी 2024 को एक युवती से चल रहे प्रेम संबंधों के चलते लव मैरिज की थी। शादी के बाद वह पत्नी को साथ लेकर नोएडा के सेक्टर-37 में किराए के मकान में रहने लगा था।
बुधवार को उसने अज्ञात कारणों से किराए के मकान के कमरे में ही फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद वृहस्पतिवार शाम को शव लेकर टूंडला आए। युवक ने आत्महत्या क्यों की इसके पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। परिजनों ने देर शाम शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक दो भाइयों में बड़ा था। पिता एटा रोड पर परचून की दुकान चलाते हैं।