शिकोहाबाद। चालक को झपकी आने से टाइल्स लेकर झारखंड जा रहा ट्रक रविवार को एक्सप्रेसवे पर पलट गया। हादसे में परिचालक को चोट आई हैं। यूपीडा की टीम ने ट्रक को हटवाकर घायल परिचालक को जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया है। टाइल्स लेकर बहादुरगढ़ से झारखंड ट्रक लेकर चालक मोहम्मद तहसीम अंसारी निवासी जबनपुर थाना चंपारण जनपद हजारीबाग झारखंड जा रहा था। ट्रक में क्लीनर मोहम्मद रियाज निवासी मजगामा थाना पदमा जनपद हजारीबाग झारखंड भी था। नसीरपुर क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 45.500 पर सुबह साढ़े छह बजे चालक को झपकी आने से ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में क्लीनर चोटिल हो गया। जानकारी के बाद यूपीडा की टीम ने घायल को जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया। इसके बाद ट्रक को हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया। इंस्पेक्टर नसीरपुर शेर सिंह का कहना है कि हादसे में परिचालक घायल है।
वाहन की टक्कर से बिजली का खंभा व ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त
शिकोहाबाद। अनियंत्रित वाहन ने ट्रांसफार्मर और बिजली के दो खंभों में टक्कर मार दी। इससे खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। अवर अभियंता ने वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। शुक्रवार देर शाम शोभनपुर के पास वाहन ने हाईटेंशन लाइन के खंभों और ट्रांसफार्मर में टक्कर मार दी। इससे खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर के बाद वाहन को छोड़कर चालक भाग गया। घटना की सूचना संविदाकर्मी जसवंत सिंह ने विभाग के अधिकारियों को दी। अवर अभियंता राजेश कुमार टीम के साथ पहुंचे। क्षतिग्रस्त वाहन को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। अवर अभियंता ने वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस चालक की तलाश कर रही है।