ट्रांसफार्मर न बदलने पर ग्रामीणों का हंगामा
एक सप्ताह से अंधेरे में रह रहे हैं सिकरारी के बाशिंदे
तीन दिन का दिया अल्टीमेटम, नहीं तो होगा आंदोलन
अमर उजाला ब्यूरो
टूंडला। गांव सिकरारी में एक सप्ताह से फुंके विद्युत ट्रांसफार्मर को नहीं बदले जाने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने रविवार को बिजली अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान ग्रामीणों ने चेतावनी दी यदि तीन दिन में फुंका ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो आंदोलन किया जाएगा।
गांव सिकरारी में विद्युत ट्रांसफार्मर विगत एक सप्ताह फुंक पड़ा है। कई शिकायतों के बाद भी विद्युत विभाग ने ट्रांसफार्मर नहीं बदलवाया। ऐसे में ग्रामीण एक सप्ताह से अंधेरे में जीने को मजबूर है। विद्युत अधिकारियों द्वारा कोई सुनवायी न होने पर रविवार को ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने बिजली अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जमकर हंगामा काटा। आरोप है कि बिजली कर्मचारी ट्रांसफार्मर बदलने लिए सुविधा शुल्क की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी यदि अगले तीन दिनों में ट्रांसफार्मर बदला नहीं गया तो आंदोलन किया जाएगा। हंगामा करने और चेतावनी देने वालों में भंवर सिंह बघेल, गीतम सिंह बघेल, प्रमोद कुमार बघेल, हरीओम बघेल, राकेश कुमार बघेल, वीरम सिंह, मनोज कुमार, गिरधारी लाल, गनेशी राम, केदार सिंह बघेल, कंचन सिंह बघेल, राजू बघेल, चंदन बघेल, अरुण कुमार बघेल आदि प्रमुख हैं।
फोटो-टूंडला के गांव सिकरारी में बिजली अधिकारियों के विरुद्ध नारेबाजी करते ग्रामीण-9