फिरोजाबाद। शिकोहाबाद सर्किल के थाना खैरगढ़ में तैनात प्रशिक्षु दरोगा का थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला मित्र से फोन पर आपत्तिजनक बातें करना महंगा पड़ गया। दोनों के बीच हुईं बातों का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। उक्त दरोगा को जब इस बात की जानकारी हुई तो उसके पसीने छूट गए। मामला अधिकारियों तक पहुंच गया। एसएसपी ने जांच रिपोर्ट के आधार पर दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया है। थाना खैरगढ़ में तैनात सब इंस्पेक्टर वर्ष 2023 में भर्ती हुआ है। करीब एक माह पूर्व पिटाई के मामले में वह मुकदमे की जांच करने के लिए गया था। वहीं, दरोगा एक महिला के प्यार में फंस गए। शादीशुदा महिला के साथ प्यार भरी बातें करने लगे। दरोगा और उसकी प्रेमिका के बीच हुई आपत्तिजनक बात का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वह महिला मित्र से कहता है कि शनिवार को ज्यादा काम नहीं होता, वह दोनों रविवार को कहीं मिलेंगे। वह प्रेमिका को बताता है कि पुलिस लाइन में होने वाली उसकी मीटिंग निरस्त हो गई है। अब डायल 112 और यातायात वाले पुलिसकर्मियों की मीटिंग होगी।
ऑडियो में कई बार उसने आपत्तिजनक बातें भी महिला से कीं। करीब 23 मिनट तक चली बातचीत के अंत में महिला के पति का फोन आ जाता है और प्रेमिका दरोगा से पूछती है कि अब क्या बहाना बनाऊं। दरोगा उसे सलाह देता है कि कह देना किसी का रॉग नंबर था। तभी फोन कट हो जाता है।
वायरल ऑडियो की जानकारी मिली थी। अधिकारियों के स्तर से जांच के आदेश हुए थे। जांच रिपोर्ट के आधार पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा उक्त प्रशिक्षु दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया है। साथ ही विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
-प्रवीन कुमार तिवारी, सीओ शिकोहाबाद