शिकोहाबाद में अतिक्रमण हटाता बुलडोजर।
- फोटो : शिकोहाबाद में अतिक्रमण हटाता बुलडोजर।
शिकोहाबाद। शहर में फैले अतिक्रमण के खिलाफ शनिवार को नगर पालिका ने तहसील व पुलिस प्रशासन के साथ अभियान चलाया। इस अभियान के शुरू होते ही अतिक्रमणकारियों में खलबली मच गई। दुकानदारों ने अपना सामान समेटना शुरू कर दिया, लेकिन स्थाई अतिक्रमण को बुलडोजर की मदद से हटवाया गया।
शनिवार दोपहर एक बजे करीब नगर पालिका प्रशासन का बुलडोजर थाना शिकोहाबाद से कटरा बाजार पहुंचा। बुलडोजर के साथ-साथ एसडीएम अंकित वर्मा, सीओ प्रवीण कुमार तिवारी, इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार समेत काफी संख्या में पुलिस बल भी बाजार में पहुंच गया। अतिक्रमणकारियों ने अपने अस्थाई अतिक्रमण हटा लिया। स्थाई अतिक्रमण करने वालों के अतिक्रमण पर बुलडोजर गरजा। इस दौरान नगर पालिका की टीम ने 10 दुकानदारों के चालान काटे। जिनसे 10 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूल किया।
एसडीएम ने सभी दुकानदारों को चेतावनी दी है कि वह दुकान का सामान फुटपाथ पर न रखें। ऐसा करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम ने बताया कि यह अभियान पहले दिन मैनपुरी तिराहे तक चलाया गया है, जो आगे भी जारी रहेगा।