फिरोजाबाद रेलवे स्टेशन से निकलती मालगाडी पर बैठी सवारियां एवं स्टाफ के लोग यात्रा करते हुए
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। कोरोना वायरस के संक्रमण को लेकर रेल और बस सेवा 22 से 31 मार्च तक बंद कर दी गई है। इससे रेलवे के कर्मचारियों को सर्वाधिक दिक्कत हो रही है। ड्यूटी पर जाने के लिए उनके पास कोई व्यवस्था नहीं है। इसको लेकर रेलवे के कर्मचारी मालगाड़ियों में बैठकर आ-जा रहे हैं। इनमें कुछ ऐसे भी कर्मचारी हैं, जो रेल विभाग को छोड़कर अन्य विभागों में तैनात होने के साथ ही ड्यूटी कर रहे हैं।
सोमवार रात स्थानीय रेलवे स्टेशन से पास हो रही माल गाड़ियों में कुछ ऐसा ही देखने को मिला। शाम करीब आठ बजे एक मालगाड़ी पेट्रोल लेकर टूंडला से कानपुर की ओर जा रही थी। मालगाड़ी के इंजन में भी लोग बैठे हुए थे। इंजन के पीछे लगी गार्ड वाली केबिल में भी काफी संख्या में लोग बैठे थे। इनमें रेलवे कर्मचारियों के साथ पुलिसकर्मी भी मौजूद थे।
जबकि ट्रेन के आखिरी में लगे गार्ड वाली बोगी में गार्ड के साथ भी लोग बैठे थे। यह नजारा एक ही मालगाड़ी का नहीं था, बल्कि इसके पीछे आने वाली अन्य माल गाड़ियों में भी ऐसा ही देखा गया। रेलवे के एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि रेलवे के कुछ विभाग खुले हुए हैं और कर्मचारी गैर जिलों से ड्यूटी करने के लिए आ रहे हैं। इसको लेकर यह लोग माल गाड़ियों से ड्यूटी करने के लिए आ-जा रहे हैं।