टूंडला (फिरोजाबाद)। भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस के एसएलआर कोच से पार्सल चुराकर फेंकने के मामले में आरपीएफ ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों ने अपने जुर्म का इकबाल किया है। मंगलवार को आरपीएफ के कंपनी कमांडर अमित यादव टीम के साथ दिल्ली रेलखंड पर मितावली के निकट गश्त पर थे। इसी बीच किमी नंबर 1253/20 पर रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध अवस्था में घूमते हुए दो व्यक्ति मिले। पूछताछ करने पर वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
पूछताछ करने पर दोनों अभियुक्तों भुवनेश्वर राजधानी में हुई घटना का इकबाल कर लिया। उन्होंने बताया कि अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था। ट्रेन के धीमे होते ही उन्होंने टूंडला के डाडन होम पर एसएलआर को खोलकर सात पैकेज गिराये थे, जिनमें से तीन पैकेज उनके उक्त साथी लेकर भाग गये थे। ट्रेन के रुकने पर पकड़े जाने के भय से वे भी भाग गये थे। गिरफ्तार आरोपियों ने अपने नाम हरिओम बघेल व दूसरे ने लाखन सिंह बघेल निवासी नगला धूरी थाना पचोखरा, फिरोजाबाद बताया है।
उन्होंने भागे साथियों के नाम रामबरन निवासी सुरेरा थाना एत्मादपुर, आगरा, पुष्पेन्द्र निवासी गारापुर थाना एत्मादपुर, आगरा, यशपाल सिंह उर्फ टीटू निवासी नगला ह्नदय थाना टूंडला, फिरोजाबाद बताए हैं। आरपीएफ अभियुक्त रामबरन, पुष्पेन्द्र व यशपाल उर्फ टीटू की तलाश कर रही है।