सुभाष तिराहे पर जैन स्तंभ के सामने हाइवे पर आड़े तिरछे खड़े ऑटो
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। सुभाष तिराहा शहर की लाइफ लाइन है। एक ओर आगरा तो दूसरी ओर इटावा जाने वाले हाईवे को यह तिराहा लिंक करता है तो एक रास्ता शहर में एंट्री के लिए है। ऐसे में यह शहर का सबसे व्यस्तम तिराहा है। 24 घंटे तिराहे पर ट्रैफिक सिपाहियों की ड्यूटी रहती है। इसक बावजूद तिराहे पर अराजकता नजर आती है। ऑटो रिक्शा, ई-रिक्शा, प्राइवेट सवारी वाहन हाईवे पर हर समय खडे़ रहते हैं। टेंपो और अन्य वाहन चालकों के कारण यह तिराहा टेंपो स्टैंड में तब्दील हो गया है।
सुभाष तिराहे से जैन मंदिर तक घिरा रहता है पूरा रास्ता
सुभाष तिराहे पर ट्रैफिक नियंत्रण के लिए कई बार प्लान बने लेकिन सफल नहीं सके। शहर की लाइफ लाइन पर टेंपो और ई-रिक्शा हाईवे घेर कर 24 घंटे खडे़ रहते हैं। टूंडला की ओर से आने पर सुभाष तिराहे पर जैन मंदिर की साइड में प्राइवेट वाहन सवारियों को भरते नजर आते हैं। वहीं कुछ कदम बढ़ने पर फुटपाथ को फलों के ठेल वालों ने घेर रखा है। इन ठेलों के आगे ऑटो और रिक्शा खडे़ हो जाते हैं। जैन मंदिर से शहर की ओर चलने पर अहिंसा स्तंभ के आसपास पूरा रास्ता ऑटो रिक्शा, ई-रिक्शा से घिरा रहता है। ऐसे में दो पहिया वाहन से निकलना भी मुश्किल हो जाता है।
जैन मंदिर से जिला अस्पताल की ओर सर्विस रोड तक कब्जा
सुभाष तिराहे पर जैन मंदिर से शिकोहाबाद की ओर हाईवे पर बढ़ने पर दोनों साइड टेंपो, ऑटो रिक्शा और अन्य वाहन हाईवे को घेरे खडे़ नजर आते हैं। यह स्थिति जिला अस्पताल के सामने दो गेटों तक रहती है। सुभाष तिराहे पर सर्विस रोड की एंट्री को भी ई रिक्शा और ठेल वालों ने घेर रखा है। दूसरी ओर जिला अस्पताल के लिए जाने वाले सर्विस रोड की एंट्री पर भी यही हाल है। यहां नो पार्किंग के बोर्ड जरूर लगे हैं लेकिन इसका पालन नहीं होता है।
पुलिस की नजर सिर्फ चालान काटने पर
पुलिस इस समय चालान काटने में व्यस्त है। चप्पे-चप्पे पर चेकिंग कर बिना मास्क के वाहन चलाने वालों के चालान काटे जा रहे हैं। सुभाष तिराहे पर भी चेकिंग की जा रही है लेकिन ट्रैफिक की अराजकता पुलिस अफसरों को नजर नहीं आती है। सुभाष तिराहे के निकट ही ट्रैफिक कंट्रोल रूम बनाया गया है। इसके बावजूद ट्रैफिक पर कोई कंट्रोल नहीं है।