पर्यटन मंत्री जनसुनवाई करते हुए। संवाद
सिरसागंज। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने रविवार को अपने सिरसागंज स्थित निज निवास पर जनसुनवाई की। इस दौरान फिरोजाबाद और अन्य जिलों से बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को सुनते हुए उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों को दोटूक चेतावनी दी कि यदि किसी शिकायत का निस्तारण न होने पर फरियादी दोबारा आया, तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई होगी।
जनसुनवाई में सबसे ज्यादा मामले भूमि विवाद, अवैध कब्जे, अतिक्रमण, बिजली बिल की गड़बड़ी, पानी की किल्लत, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, सरकारी दस्तावेज और पुलिस से संबंधित आए। कुछ गंभीर मामलों में मंत्री ने मौके से ही संबंधित विभागों के उच्चाधिकारियों को फोन लगाकर तत्काल समाधान के निर्देश दिए और कहा कि समस्या दूर होने पर फरियादी को भी सूचित किया जाए। भूमि विवादों पर कड़ा रुख अपनाते हुए उन्होंने डीएम के माध्यम से एसडीएम सिरसागंज और सीओ को निर्देशित किया कि शनिवार को थाना दिवस पर पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम भेजकर मामलों का निपटारा कराएं। अंत में उन्होंने सभी अधिकारियों से निस्तारण की अनुपालन आख्या भी मांगी है। संवाद