कांग्रेस विधायक व कांग्रेस विधान मंडल नेता प्रदीप माथुर ने किसानों की
समस्याओं को लेकर नगला ख्ंागर के विकास बाजार से नगला गुलाल तक पद यात्रा
की। नगला गुलाल में एक जनसभा को संबोधित करते हुए भूमि अधिग्रहण का विरोध
किया।
विधान मंडल नेता प्रदीप माथुर ने किसानों की भूमि अधिग्रहण में सर्किल
रेट के अनुसार भुगतान देने तथा दैवी आपदा से पीड़ित किसानों को उचित मुआवजा
दिए जाने की मांग को लेकर नगला ख्ंागर के विकास बाजार से कांग्रेसियों के
संग पदयात्रा निकाली। पदयात्रा सूखाताल, नगलाताल, हनुमत खेड़ा, नगला हरी
सिंह होते हुए नगला गुलाल पहुंचकर एक सभा में परिवर्तित हो गई। जनसभा को
संबोधित करते हुए प्रदीप माथुर ने कहा प्रदेश सरकार किसान विरोधी है।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे निर्माण में भूमि अधिग्रहण के मुआवजे में विसंगति
हैं। सैफई व यहां के सर्किल रेटों में अंतर है। सैफई में सर्किल रेट बढ़ा
दिए हैं। जबकि सांसद दोनों ही जगह एक ही परिवार के हैं। उन्होंने कहा कि वह
इस संबंध में मुख्यमंत्री अखिलेश, प्रो.रामगोपाल यादव के साथ ही मुख्य
सचिव से बात करेंगे।
समाधान न निकलने पर विधान परिषद में मामले को गंभीरता
से उठाएंगे। प्रदीप माथुर ने कहा दैवी आपदा में क्षेत्र के किसानों की
मौत हुई है। उनके संज्ञान में लाया गया है कि डीएम सदमे से मौत की रिपोर्ट न
भेजकर स्वाभाविक मौत की रिपोर्ट भेज रहे हैं। जो किसानों के साथ अन्याय
है। पदयात्रा में जिलाध्यक्ष हरीशंकर तिवारी, अशोक यादव, रामनाथ यादव, शशी
शर्मा, मुकेश गौड़, हाजी सैयद पटेल, डा. अखिल सिंह, प्रदीप कुलश्रेष्ठ,
हरीशंकर यादव, चंद्रकांत यादव, धर्म सिंह यादव, विवेक आदि साथ थे।