शोले में वीरू बसंती से शादी करने के लिए पानी की टंकी पर चढ़ गया था, यहां लापता हुई पत्नी की पुलिस से तलाश कराने के लिए एक युवक रामप्रसाद 132 केवीए की विद्युत लाइन के 120 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गया। सोमवार सुबह छह बजे वह टावर पर चढ़ा, दोपहर करीब 12:30 बजे सीओ के उसकी पत्नी की तलाश कराने और उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करने के आश्वासन के बाद वह नीचे उतरा। इस दौरान मौके पर जुटी भीड़ को हटाने के लिए पुलिस और एसडीएम को कई बार लाठियां फटकारनी पड़ी।
रामप्रसाद कश्यप (40) थाना लाइनपार क्षेत्र के मोहल्ला रामनगर का रहने वाला है। वह सोमवार सुबह करीब छह बजे आसफाबाद स्थित 132 केवीए के टावर पर चढ़ गया। इस दौरान रामप्रसाद के बच्चे भी पहुंच गए और पिता को टावर पर चढ़ा देख बिलखते रहे। लोगों ने उन्हें बमुश्किल संभाला। सूचना पाकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंच गए। अधिकारियों ने मोबाइल पर उससे बात की। उसने बताया कि पुलिस पत्नी की तलाश कराने के लिए उससे रुपये और गाड़ी की मांग रही है। टावर से ही फोन कर उसने अपने मित्र गांव मौढ़ा निवासी अशोक को भी बुला लिया। उसने मित्र से अधिकारियों की बात कराई। इसके बाद सीओ सदर राजेश चौधरी ने लिखित आश्वासन दिया कि उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी और उसकी पत्नी को बरामद करने के लिए प्रयास किए जाएंगे,तब जाकर वह नीचे उतरा। बाद में पुलिस ने उसे थाने ले जाकर समझाया और न्याय दिलाने का भरोसा देकर छोड़ दिया।
ये है मामला
रामप्रसाद की पत्नी अनीता बेटे आकाश के साथ गत 27 मार्च को घर से अपने मायके कस्बा मेरापुर फर्रुखाबाद जाने के लिए निकली थी। आकाश उसे पेमेश्वरगेट पर छोड़कर घर लौट आया था। इसके बाद से वह लापता है। उसके मायके नहीं पहुंचने पर थाने पर गुमशुदगी दर्ज कराई गई। 31 मार्च की सुबह अनीता की मां शांतिदेवी परिवारीजनों के साथ रामप्रसाद के घर पहुंची और उस पर अनीता को गायब करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराने की धमकी दी। इसके बाद से रामप्रसाद मानसिक रूप से परेशान रहने लगा। पुलिस के पास जाता तो वह भी उसे दुत्कार कर भगा देती थी।