शिकोहाबाद। बटेश्वरनाथ मंदिर से कांवड़ चढ़ाकर वापस लौट रहे कांवड़ियों की बाइक में ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। इस घटना में बाइक सवार तीन कांवड़िये घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल कांवड़ियों को उपचार के लिए संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया है। दो की हालत नाजुक होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद के लिए रेफर कर दिया गया।
दुर्गेश कुमार (30), अभिषेक कुमार (29) निवासीगण नगला झाल एवं कुलदीप (30) निवासी नगला जाट थाना जसराना सोरों से कांवड़ लेकर बटेश्वरनाथ मंदिर भगवान भोलेनाथ को कांवड़ चढ़ाने के लिए गए थे। तीनों युवक कांवड़ चढ़ाने के बाद रविवार को बाइक से अपने गांव लौट कर आ रहे थे। जब उनकी बाइक थाना नसीरपुर क्षेत्र के नौरंगी घाट के पास पहुंची। तभी सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक सवार कांवड़ियों को टक्कर मार दी। घटना में तीनों कांवड़िये गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके से ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर लेकर भाग निकला। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। कांवड़ियों के साथ हुए हादसे की सूचना मिलते ही नसीरपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई। जिसने घायलों को उपचार के लिए संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती करा दिया। कांवड़िये कुलदीप एवं दुर्गेंश की हालत नाजुक होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद के लिए रैफर कर दिया गया। इंस्पेक्टर नसीरपुर ज्ञानेंद्र सोलंकी ने बताया कि तीनों कांवड़ियों को उपचार के लिए भेज दिया गया है। ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है। संवाद